18.9 C
Dehradun, IN
April 12, 2026
Home | Phalikhabar24x7 Local and National News in Hindi
उत्तराखंड

हरिद्वार डीएसओ श्याम आर्य गिरफ्तार, पीए पर भी शिकंजा, 50 हजार की घूस लेते रंगे हाथों पकड़े गए

हरिद्वार। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) श्याम आर्य और उनके निजी सहायक गौरव शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार, 16 जनवरी को की गई, जिससे पूरे पूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया।

श्याम आर्य को कुछ समय पहले ही हरिद्वार में तैनात किया गया था। इससे पहले यहां के डीएसओ तेजबल सिंह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद विभागीय स्तर पर बदलाव किया गया था। व्यवस्था सुधार के उद्देश्य से भेजे गए श्याम आर्य खुद अब घूस लेते हुए विजिलेंस के जाल में फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम आर्य (पुत्र बी.आर. आर्य) और उनके निजी सहायक गौरव शर्मा (पुत्र रमेश शर्मा) पर आरोप है कि उन्होंने एक राशन डीलर से कार्य से संबंधित लाभ देने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। मांग से परेशान होकर राशन डीलर ने सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। बरामद की गई रकम को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं है।

कार्रवाई के बाद पूर्ति विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की सूचना दे दी गई है, वहीं आम जनता और राशन डीलरों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सतर्कता अधिष्ठान ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related posts

उत्तराखंड : स्कूल में घुसा भालू, बच्चे को उठाया, शिक्षकों-बच्चों की हिम्मत से जान बची

Phali Khabar24x7

किसान आत्महत्या केस: चौकी पैगा की पूरी टीम लाइन हाजिर, SSP ने एसओ और उपनिरीक्षक को किया सस्पेंड

Phali Khabar24x7

जब पिता का साया उठा, तो किसने थामा बेटियों का हाथ? ‘नंदा-सुनंदा’ की प्रेरक कहानी

Phali Khabar24x7

Leave a Comment